निर्माणाधीन सरकारी स्कूल में लटका मिला युवक का शव, पांच दिन पहले घर से नाराज़ होकर गया था मृतक

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। पांच दिन पहले घर से नाराज़ होकर गए युवक का शव आज बुधवार को निर्माणाधीन सरकारी स्कूल के कमरे में लटका मिला। सुबह पास के खेतों में काम करने गए लोगों ने शव को देखकर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराई। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार कस्बा उसहैत के वार्ड संख्या एक निवासी रामकिशोर शाक्य का 22 वर्षीय पुत्र अजय शाक्य पांच दिन पहले घर से किसी बात को लेकर नाराज होकर चला गया था। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। फिर उनको लगा कि वह मजदूरी करने को कहीं चला गया है। लेकिन, आज सुबह जब सुना कि उनके बेटे ने सरकारी स्कूल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली तो उनके होश उड़ गए। खबर मिलते ही दर्जनों लोग कटरा रोड़ पर बन रहे सरकारी स्कूल की ओर दौड़ पड़े। शव क्षत-विक्षत स्थिति में था। इससे कयास लगाए जा रहे हैं कि अजय ने चार दिन पहले फांसी लगाई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं चर्चा है कि एक वर्ष पूर्व अजय के एक भाई ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या की थी।   

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *