बदायूं में हादसा; कार डिवाइडर से टकराई 2 युवकों की मौत, 3 घायल, खाना खाकर लौट रहे थे सभी दोस्त

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। बुधवार देर रात तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मृतकों के शवों को कार से बाहर निकालकर कब्जे में लिया गया। मामला उझानी कोतवाली क्षेत्र का है।
हादसा मथुरा-बरेली हाईवे पर मोतीमहल के पास रात करीब 10:30 बजे हुआ। पुलिस के मुताबिक, तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और छत भी नीचे दब गई।

दो दोस्तों की मौत, 3 घायल…

मृतकों की पहचान अयोध्यागंज निवासी सागर मिश्रा (20 वर्ष) और मुजरिया थाना क्षेत्र के परमू गांव निवासी रामकेश (24 वर्ष) के रूप में हुई है। घायलों में उझानी के बहादुरगंज निवासी शैलेंद्र (20 वर्ष), सक्षम (17 वर्ष) और अयोध्यागंज निवासी कार्तिक (20 वर्ष) शामिल हैं। सभी दोस्त ढाबे से खाना खाकर लौट रहे थे।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद शवों को कार से बाहर निकाला। बाद में रिकवरी वैन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को हाईवे किनारे कराया गया, जिसके बाद आवाजाही सामान्य हुई। वहीं उझानी कोतवाल धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे में सागर मिश्रा और रामकेश की मौत हुई है। घायलों का इलाज चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *