बदायूॅं जनमत। आजमगढ़ से सपा के सांसद धर्मेंद्र यादव को आचार संहिता उल्लंघन मामले में बदायूं के एमपी-एमएलए कोर्ट ने बृहस्पतिवार को बरी कर दिया। मामले की सुनवाई एक दिन पहले पूरी हो चुकी थी। फैसले के दिन सांसद धर्मेंद्र यादव भी कोर्ट में मौजूद रहे। सपा सांसद ने कोर्ट के फैसले का स्वागत किया।
यह मामला 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान का था। तत्कालीन सदर एसडीएम सुखलाल प्रसाद वर्मा ने सिविल लाइंस थाने में आचार संहिता उल्लंघन का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि चुनाव के दौरान शहर के एक लॉन में शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को बुलाया गया। यहां लालच देकर वोट खरीदने की कोशिश की गई।
इस मामले में धर्मेंद्र यादव के साथ 28 अन्य लोगों के खिलाफ भी पुलिस ने कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की थी। हालांकि, जून 2024 में उन्हें इसी मामले से बरी कर दिया गया था। धर्मेंद्र यादव पर आचार संहिता उल्लंघन के साथ-साथ कोविड अधिनियम और आपदा प्रबंधन अधिनियम की धाराएं लगाई गई थीं।


