बदायूॅं जनमत। इस्लाम धर्म का पवित्र महीना रमजान आज (20 मार्च) को मुकम्मल हो रहा है। आज रमजान का आखिरी जुमा है और देशभर में मस्जिदों में अलविदा जुमा की नमाज अदा की गई। इस आखिरी जुमे की मुसलमानों के लिए खास अहमियत होती है। लोग इसे बड़ी अकीदत के साथ अदा करते हैं। रमजान के इस आखिरी जुमे पर एक ओर जहां इस मुकद्दस महीने के खत्म होने का गम होता है, वहीं दूसरी ओर ईद की तैयारियों का उत्साह भी देखने को मिलता है। ईद, रमजान के बाद आने वाला खुशी का त्योहार है, जिसे मुसलमान पूरे जोश और उल्लास के साथ मनाते हैं।
अलविदा जुमा और ईद दोनों ही दिन की नमाज खास होती है। भारत में शनिवार, 21 मार्च को ईद मनाई जाएगी। ऐसे में अलविदा जुमा के इस खास अवसर पर नमाज के बाद लोग एक दूसरे को जुमात-उल-विदा या अलविदा जुमा की मुबारकबाद भी देते हैं। बड़ी और अच्छी बात यह है कि अल्लाह की रहमत (बरसात) के साथ रमजान विदा हो रहा है। बदायूं जिले में सकुशल अलविदा की नमाज़ अदा की गई। बदायूं जामा मस्जिद शम्सी में दोपहर 1.30 बजे जुमा अलविदा की नमाज शाही इमाम कारी ताहिर कादरी ने अदा कराई।
ईद की नमाज का समय…
कल शनिवार को देशभर में ईद की नमाज अदा की जाएगी। ईद की नमाज का समय कुछ जगहों पर अलग-अलग होता है। वहीं बदायूं ईदगाह की बात करें तो यहां ईद की नमाज 9:30 बजे अदा होगी। जामा मस्जिद शम्सी में 8:30 बजे और मस्जिद खानकाह कादरिया में 6:45 बजे, रोडवेज दरगाह मस्जिद में सुबह 7 बजे ईद की नमाज अदा होगी।
इसके अलावा कस्बा उसहैत में ईदगाह पर 9:15 बजे, जामा मस्जिद में 9:30 बजे और नूरानी मस्जिद (बीच वाली) में 8:40 बजे ईद की नमाज अदा होगी। जिलेभर में अधिकांश स्थानों पर ईद की नमाज 9 बजे से 9:30 बजे तक अदा होगी।
डीएम-एसएसपी ने ईद के दृष्टिगत किया दौरा…
आगामी ईद-उल-फितर के मद्देनजर जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने व विभिन्न पुलिस और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के दृष्टिगत शुक्रवार को जिलाधिकारी अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने संयुक्त रूप से ईदगाह शम्सी और ईदगाह शेखूपुर का दौरा किया।
डीएम ने कहा कि सभी त्योहार परंपरागत तरीके से मनाए जाए, कोई भी नई परंपरा ना डाली जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस व प्रशासन पूरी तरह से सजग व सक्रिय है। उन्होंने कहा कि जनपद में सभी त्योहार परस्पर प्रेम व भाईचारे के साथ मनाए जाते रहे हैं। किसी को भी माहौल बिगाड़ने नहीं दिया जाएगा। कानून व शांति व्यवस्था तथा सुरक्षा प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है ,इससे किसी को भी खिलवाड़ करने नहीं दिया जा सकता।
डीएम ने कहा कि सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है, किसी भी प्रकार का भड़काऊ पोस्ट करने वालों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


