बदायूॅं जनमत। पुलिस ने धोखाधड़ी और जालसाजी कर 243 कुंतल 64 किलो धान चोरी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से पुलिस ने एक ट्रक, दो नंबर प्लेट, 1 लाख 40 हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड बरामद किए हैं। इस बरामदगी से चोरी और बिक्री का पूरा मामला उजागर हुआ है।
मामला अलापुर थाना क्षेत्र का है। म्याऊं स्थित दुर्गे ट्रेडिंग कंपनी के मालिक ने 9 नवंबर को अलापुर थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी से 243 कुंतल 64 किलो धान अपने ट्रक से ले जाकर बेचने का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रामपुर बिसौली मार्ग पर मन्नूनगर तिराहे से मोहम्मद सुहैल खान को ट्रक और धान के साथ गिरफ्तार किया।
आरोपी मुरादाबाद जिले के तेवरखास, थाना बिलारी का निवासी है और वर्तमान में मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र के कोहिनूर तिराहा स्थित रशीद एक्सपोर्ट के पास रह रहा था। इस मामले में दूसरा आरोपी चंदन पुत्र रामबहादुर अभी फरार है।
एसपी सिटी विजयेंद्र द्विवेदी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी मोहम्मद सुहैल खान ने खुलासा किया कि उसने और उसके साथी चंदन पुत्र रामबहादुर ने लगभग 15 दिन पहले म्याऊं अलापुर स्थित शिव दुर्गे ट्रेडिंग कंपनी से 243 कुंतल 64 किलो धान ट्रक में लोड किया था। उनकी योजना इसे हरियाणा ले जाने की थी।
दोनों ने ट्रक की असली नंबर प्लेट हटाकर उसकी जगह नकली नंबर प्लेट लगा दी थी और इसी के आधार पर ट्रांसपोर्टर से भाड़े का भुगतान लिया था। रास्ते में एक सुनसान जगह पर उन्होंने ट्रक खड़ा कर असली नंबर प्लेट फिर से लगा ली और धान को आपस में बांट लिया। मोहम्मद सुहैल खान ने धान के कुछ हिस्से को छोटे-छोटे टुकड़ों में बेचकर 1 लाख 40 हजार रुपये नकद प्राप्त किए। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी ने अपनी पूरी योजना और धान बेचने की बात स्वीकार कर ली है, जबकि उसका साथी चंदन अभी भी फरार है और उसकी तलाश जारी है।

