बदायूॅं जनमत। जिले में एक सड़क हादसे में मोपेड सवार 70 साल के बुजुर्ग मुकर्रम की मौत हो गई। वह अपने बेटे तोहिद के साथ मेडिकल कॉलेज से दवा लेकर घर लौट रहे थे। इस दौरान पीछे से आई एक बाइक ने उनकी मोपेड में टक्कर मार दी। हादसे में बेटा तोहिद मामूली रूप से घायल हुआ है।
घटना सहसवान कोतवाली के दिल्ली-मेरठ हाईवे पर खंदक गांव के पास हुई। टक्कर लगने के बाद मुकर्रम गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसवान में भर्ती कराया गया। मुकर्रम की हालत गंभीर होने पर उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
हालांकि, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस को सूचना मिलने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। स्थानीय लोगों ने बाइक सवार आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मुकर्रम बहावलपुर गांव के रहने वाले थे। उनकी मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

