बदायूॅं जनमत। सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के अंतर्गत जनपद में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए शपथ शहर में परिवहन विभाग द्वारा द्वितीय दिवस पर विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी हरिओम एवं मॉलकर अधिकारी अभिनव चौधरी द्वारा जनपद में संचालित 30 स्कूली वाहनों की सघन चेकिंग की गई, जिसमें विभिन्न कमियों के पाए जाने पर 02 स्कूली वाहनों के चालान किए गए। स्कूली वाहनों में बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वाहन की फिटनेस, परमिट एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों की जांच की गई।
इसके अतिरिक्त इंटरसेप्टर के माध्यम से ओवरस्पीडिंग एवं स्टंट ड्राइविंग करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए 104 चालान किए गए। वहीं, कर एवं दस्तावेजों की जांच के दौरान बिना टैक्स, फिटनेस एवं बीमा के संचालित 02 जे.सी.बी. मशीनों को थाना कादरचौक में सीज कराया गया।
परिवहन विभाग द्वारा आमजन से अपील की गई है कि यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं तथा अपने वाहनों के समस्त आवश्यक प्रपत्र अद्यतन रखें। स्कूली वाहन संचालक बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करें।

