बदायूँ जनमत। पति से प्रेरित होकर जिले के उघैती निवासी मीना देवी (51 वर्ष) पत्नी सुरेश चन्द्र ने अपने देहदान का संकल्प लिया। राजकीय मेडिकल कॉलेज के एनाटॉमी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मुकत्याज हुसैन एवं प्रमोद कुमार (बॉडी इंजेक्टर) द्वारा उनका पंजीकरण कराया गया। इस दौरान उनसे देहदान का संकल्प पत्र भी भरवाया गया तथा देहदान के महत्व एवं प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. अरुण कुमार एवं एनाटॉमी विभागाध्यक्ष डॉ. मुकत्याज हुसैन ने मीना देवी को देहदान संकल्प का प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. अरुण कुमार ने उनके इस सराहनीय एवं प्रेरणादायक कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि देहदान चिकित्सा शिक्षा एवं समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान है और इससे भावी चिकित्सकों को मानव शरीर के अध्ययन में सहायता मिलती है।
इस अवसर पर योग गुरु श्री गिरिधारी सिंह राठौर ने भी मीना देवी को इस उत्कृष्ट कार्य के लिए बधाई दी तथा समाज के लोगों से देहदान के प्रति जागरूक होने की अपील की। उन्होंने कहा कि जो लोग देहदान करना चाहते हैं, वे राजकीय मेडिकल कॉलेज के एनाटॉमी विभाग से अथवा योग गुरु श्री गिरिधारी सिंह राठौर (मो. 8630691200) से संपर्क कर सकते हैं। इस अवसर पर डॉ. पारुल सक्सेना (सहायक आचार्य, एनाटॉमी विभाग), डॉ. ऋषभ सिंह, डॉ. अर्जित आर्य, डॉ. इतिशा चौधरी तथा पुष्पेंद्र पाल, टिंकू कश्यप, रूबी गुप्ता, राकेश पाल, अशोक कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

