होपयूनिटी हेल्पिंग वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वावधान जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। होपयूनिटी हेल्पिंग वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वावधान में शहर के राजकीय महिला महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना की रानी लक्ष्मीबाई तृतीय इकाई की छात्राओं ने स्वयंसेवक के रूप में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए विकासखंड जगत के ग्राम पड़ाऊ में जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत संस्था एवं स्वयं सेविकाओं द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई। घर-घर जाकर ग्रामीणों, विशेष रूप से महिलाओं को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी प्रदान की गई।
संस्था की निदेशक डॉ. कृष्णा सिंह ने स्वयं घर-घर जाकर महिलाओं से संवाद स्थापित किया और उन्हें कन्या सुमंगला योजना, मातृत्व योजना, स्वयं सहायता समूह सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही उन्होंने बालिकाओं की शिक्षा के महत्व पर बल देते हुए अभिभावकों को उन्हें शिक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रेरित किया।
इसी क्रम में महिला कल्याण विभाग से प्रीति चौहान ने भी महिलाओं से संवाद कर उन्हें सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया। उन्होंने परिवार एवं बच्चों की सुरक्षा और घरेलू हिंसा से निपटने के लिए कुछ महत्वपूर्ण उपाय तथा स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश देते हुए महिलाओं को अपने घर-परिवार में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।

गांव में जन-जागरूकता कार्यक्रम के दौरान फाउंडेशन के पदाधिकारी व अन्य : जनमत एक्सप्रेस। 9997667313

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *