बदायूॅं जनमत। वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव फतेहनगला में मंगलवार दोपहर 50 वर्षीय खेमकरन की ईंट-पत्थरों से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। उन्हें बचाने पहुंचे परिवार के तीन लोगों को भी हमलावरों ने पथराव कर घायल कर दिया। वारदात के बाद मौके से भाग रहे मुख्य आरोपी अवनीश को घेराबंदी कर ग्रामीणों ने दबोच लिया और घटनास्थल के पास एक पेड़ से आरोपी को बांध दिया।
इसके बाद आरोपी की महिला-पुरुषों ने जमकर पिटाई लगाई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी का गांव की ही एक युवती से प्रेम प्रसंग है। खेमकरन ने दोनों को कई बार एकसाथ देखने पर टोका था। इससे आरोपी रंजिश रखता था।
मृतक के भतीजे किशनपाल ने बताया कि चाचा खेमकरन पहले पीआरडी जवान थे। 2019 में उन्होंने नौकरी छोड़ दी थी। चाचा ने शादी नहीं की थी। दोपहर करीब 12 बजे खाली जगह की सफाई कर रहे थे। तभी अवनीश (22 उम्र) अपने तीन साथियों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि उन्होंने खेमकरन पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया।
बचाने आए परिजनों पर किया पथराव…
आरोपी ने अपने साथियों की मदद से घेराबंदी करके खेमकरन के सिर पर ईंटों से ताबड़तोड़ प्रहार किए। उनका मुंह कुचल दिया। आंखें बाहर निकल आईं। इस दौरान खेमकरन की चीख-पुकार सुनकर उन्हें बचाने पहुंचे भतीजे किशनपाल, उनकी पत्नी हेमवती और रामबहादुर पर भी हमलावरों ने पथराव कर दिया। इससे तीनों घायल हो गए।
ग्रामीणों ने आरोपी को पेड़ से बांधा…
वारदात में खेमकरन की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर बड़ी संख्या में जुटे ग्रामीणों ने भाग रहे मुख्य आरोपी अवनीश को दबोच लिया और घटनास्थल के पास पेड़ से ही बांध दिया। अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए थे। वजीरगंज पुलिस ने अवनीश को गिरफ्तार कर लिया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खून से सनी ईंटें और पत्थर कब्जे में लेकर अन्य साक्ष्य जुटाए।
घटना के बाद गांव में पुलिस तैनात…
पथराव व हत्या की सूचना पर सीओ बिल्सी आलोक सिद्धू सहित तीन थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात की गई है। खेमकरन के भतीजे रामबहादुर की तहरीर पर पुलिस ने मुख्य आरोपी अवनीश, उसके साथी मुरारी और पान सिंह के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
एसपी ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया ने बताया कि आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। मृतक के भतीजे की ओर से तीन नामजद के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। फरार आरोपियों की तलाश में टीम गठित की गई है। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और आरोपी के एक युवती से प्रेम-प्रसंग में टोकाटाकी करने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

