पाकिस्तानी मुक्केबाज अबू बकर से भिड़ेंगे बदायूं के अदनान, दुबई में होगा अंतरराष्ट्रीय मुकाबला

अंतर्राष्ट्रीय

बदायूॅं जनमत‌। बदायूं जिले के रमजानपुर गांव निवासी मुक्केबाज अदनान अहमद दुबई में एक अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में पाकिस्तानी मुक्केबाज अबू बकर शाक से भिड़ेंगे। यह रोमांचक मुकाबला दुबई के मशहूर निक्की बीच रिसॉर्ट, पर्ल जुमेराह में छह नवंबर को होगा। मुकाबले के लिए अदनान दुबई पहुंच चुके हैं।
संख्या अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त सलमान जमीर उर्फ चांद मियां के पुत्र अदनान अहमद (26) तीन भाई-बहनों में सबसे छोटे हैं। अदनान ने बरेली के हार्टमैन कॉलेज से इंटरमीडिएट की पढ़ाई की है। बीएससी होटल मैनेजमेंट का कोर्स गोवा से किया है। टॉपर होने के कारण वह गोवा के फाइव स्टार होटल ग्रैंड हयात में नौकरी भी कर चुके हैं। मुक्केबाजी का शौक उन्हें वहीं पैदा हुआ।
फोन पर अदनान ने बताया कि वर्ष 2022 में कोरोना के दौरान घर लौटने के बाद गोवा के सहपाठी ग्वालियर निवासी ठाकुर विवेक सिंह परमार की प्रेरणा से उन्होंने अपनी शारीरिक क्षमता और कौशल को निखारा।

पाकिस्तानी मुक्केबाज ने फेसबुक पर दी थी चुनौती

उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया और फेसबुक पर पाकिस्तानी मुक्केबाज अबू बकर शेख ने उन्हें बॉक्सिंग मुकाबले की चुनौती दी थी, जो उन्होंने स्वीकार कर ली। इसके बाद दुबई की बॉक्सिंग एसोसिएशन की ओर से छह नवंबर को पर्ल जुमेराह में दोनों मुक्केबाजों के बीच मुकाबला निर्धारित किया गया।
बता दें कि दुबई में इस फाइट का आयोजन मूका बॉक्सिंग प्रमोशंस द्वारा किया जा रहा है। सोशल मीडिया और डिनर मीटिंग्स के दौरान दोनों मुक्केबाजों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली है, जिससे सोशल मीडिया पर यह मैच काफी चर्चा में है।

गोवा में पैदा हुआ मुक्केबाजी का शौक

अदनान अहमद को मुक्केबाजी का शौक गोवा में पैदा हुआ था। अपनी कड़ी मेहनत और लगन के दम पर वह इस अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग रिंग तक पहुंचे हैं, जहां वह दुबई की धरती पर तिरंगा लहराने के इरादे से रिंग में उतरेंगे।

अदनान का फाइल फोटो : जनमत एक्सप्रेस। 9997667313

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *