जनमत एक्सप्रेस। समाजवादी पार्टी के नेता, मुख्य सचेतक, लोक लेखा समिति के सदस्य धर्मेन्द्र यादव के मीडिया प्रभारी प्रभात अग्रवाल ने कहा कि सियासत में फर्क साफ है, एक तरफ भाजपा पिछली समाजवादी सरकारों की झूठी बातें बताकर अपनी राजनीति को जिंदा रखने की कोशिश कर रही है, तो दूसरी तरफ अखिलेश यादव समाजवादी प्रण-पत्र के जरिए उत्तर प्रदेश के भविष्य की नई इबारत लिखने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहे हैं। भाजपा को समाजवादी सरकारों का अतीत याद है, लेकिन अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश का भविष्य दिखाई दे रहा है। भाजपा की राजनीति पुराने आरोपों और पुरानी बहसों के इर्द-गिर्द घूम रही है, जबकि समाजवादी राजनीति युवाओं के रोजगार, किसानों की खुशहाली, महिलाओं के सम्मान, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक न्याय जैसे जनता के वास्तविक सवालों को केंद्र में रख रही है। सवाल यह नहीं है कि पिछली सरकारों में क्या हुआ था, सवाल यह है कि आने वाले कल में जनता के लिए क्या होगा!
यही वह फर्क है जो अखिलेश यादव के विजन और भाजपा की राजनीतिक रणनीति के बीच दिखाई देता है। समाजवादी प्रण-पत्र केवल चुनावी घोषणाओं का दस्तावेज नहीं, बल्कि बेहतर उत्तर प्रदेश की उम्मीदों को संकल्प में बदलने का प्रयास है। यह उस प्रदेश की कल्पना है जहां नौजवानों को अवसर मिले, किसानों को सम्मान मिले, गरीबों को सहारा मिले और हर नागरिक को आगे बढ़ने का रास्ता मिले। भाजपा अगर बार-बार समाजवादी सरकारों की पुरानी लकीर पीट रही है, तो अखिलेश यादव उस लकीर से आगे निकलकर भविष्य की नई तस्वीर बना रहे हैं। क्योंकि जो नेतृत्व केवल अतीत में जीता है, वह भविष्य का रास्ता नहीं दिखा सकता। उत्तर प्रदेश के जनमानस को पुरानी बहसों में उलझाने वाली राजनीति नहीं बल्कि नई उम्मीदों को दिशा देने वाली राजनीति चाहिए। एक तरफ भाजपाई अतीत का शोर है, दूसरी तरफ समाजवादी भविष्य का विजन।


