बदायूॅं जनमत। बिसौली कोतवाली क्षेत्र के फतेहपुर गांव में एक किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय मोहर सिंह के रूप में हुई है। परिजनों का कहना है कि शुक्रवार को गांव के एक व्यक्ति से मोहर सिंह का झगड़ा हुआ था।
इस दौरान हुई मारपीट में वह घायल हो गए थे। परिजनों ने उनका इलाज कराया। शनिवार को उनकी हालत बिगड़ने पर चंदौसी अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। हालांकि, कुछ लोगों का कहना है कि मोहर सिंह पहले से बीमार चल रहे थे। एसपी देहात ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मारपीट से मौत के कोई सबूत नहीं मिले हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

