बदायूॅं जनमत। डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन ने सीएमओ कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन चीफ फार्मासिस्ट योगेंद्र सिंह अधिकारी के तबादले के विरोध में किया गया था। सीएमओ ने बाद में तबादला आदेश रद्द कर मामले की विस्तृत जांच का आश्वासन दिया, जिसके बाद फार्मासिस्ट काम पर लौट गए।
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष प्रदीप चतुर्वेदी और मंत्री शिवम रस्तोगी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में फार्मासिस्ट सीएमओ कार्यालय पर एकत्र हुए। उन्होंने तबादले के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और इस कार्रवाई को अनुचित बताया। चीफ फार्मासिस्ट योगेंद्र अधिकारी सीएमओ स्टोर में तैनात थे। बताया गया है कि हाल ही में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत मैनपावर सप्लाई एजेंसी के टेंडर की प्रक्रिया किसी कारणवश लंबित रह गई थी। इस प्रक्रिया के लिए आमतौर पर छह सदस्यीय समिति होती है, लेकिन सीएमओ ने इस मामले में केवल चीफ फार्मासिस्ट पर कार्रवाई का आदेश जारी कर दिया था। विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलने पर सीएमओ कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शनकारी फार्मासिस्टों से बातचीत की। फार्मासिस्ट एसोसिएशन ने कार्रवाई को अन्यायपूर्ण बताते हुए आंदोलन की चेतावनी दी। इसके बाद सीएमओ ने तत्काल प्रभाव से तबादला आदेश निरस्त कर पूरे मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया। इस आश्वासन के बाद सभी फार्मासिस्ट अपने कार्य पर लौट गए।

