बदायूॅं जनमत। स्वास्थ्य विभाग में तैनात स्टाफ नर्स की बहन का शव सरकारी आवास में फंदे से लटका मिला। गोरखपुर की रहने वाली जीएनएम की छात्रा ईशा (19) अपनी बहन के पास आई हुई थी। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
घटना वजीरगंज थाना क्षेत्र के सेठ डूंगरमल सीएचसी वजीरगंज के सरकारी आवास में हुई। गोरखपुर जिले के बेलीपार थाना क्षेत्र के कुसमोल गांव की रितु पिछले दो साल से सीएचसी में स्टाफ नर्स के पद पर तैनात हैं। करीब 15 दिन पहले बरेली के एक निजी कॉलेज से जीएनएम की पढ़ाई कर रही उनकी छोटी बहन ईशा उनके पास आई थी।
शुक्रवार को रितु किसी काम से बदायूं गई हुई थीं और ईशा आवास पर अकेली थी। दोपहर में जब रितु की साथी स्टाफ नर्स ड्यूटी कर लौटीं, तो उन्होंने रितु के कमरे का दरवाजा बंद पाया। दरवाजा खटखटाने पर कोई जवाब नहीं मिला। खिड़की से झांकने पर ईशा फंदे से लटकी हुई मिली। इसके बाद तत्काल अधिकारियों और रितु को सूचना दी गई। वहीं सीएचसी अधिकारियों ने वजीरगंज थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने छात्रा का मोबाइल भी जब्त कर लिया है। ईशा की मौत की खबर सुनकर उसका परिवार गोरखपुर से बदायूं के लिए रवाना हो गया है।
प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस युवती के मोबाइल की पड़ताल कर रही है।

