बदायूं में बाइक की टक्कर से महिला कांवड़िए की मौत, पीटने का आरोप

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। कछला घाट से कांवड़ लेकर पैदल गांव लौट रही 60 वर्षीय महिला को उझानी-कादरचौक मार्ग पर बाइक से टक्कर लग गई। टक्कर लगने से महिला की मौत हो गई। मृतका के बेटे ने आरोप लगाया कि बाइक पर सवार तीन युवकों ने गिरने के बाद उनकी मां को लात-घूंसों से पीटा और बेहोशी की हालत में छोड़कर भाग गए। गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज ले जाने पर डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने एक युवक को पकड़ लिया है, जबकि दो फरार हैं।
कादरचौक थाना क्षेत्र के मौसमपुर पट्टी गांव निवासी दरियाव सिंह की 60 वर्षीय पत्नी सुकुमा रविवार शाम गांव के अन्य लोगों और अपने नाती-पोतों के साथ कछला गंगा घाट गई थीं। रात में गंगाजल भरने के बाद वह कांवड़ जत्थे के साथ पैदल उझानी क्षेत्र के वुर्रा गांव स्थित प्रसिद्ध शिव मंदिर में जलाभिषेक के लिए लौट रही थीं। सोमवार सुबह करीब चार बजे फतेहपुर गांव के पास पीछे से आई तेज रफ्तार बाइक से उनको टक्कर लग गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *