बदायूॅं जनमत। शुक्रवार शाम बरेली-मथुरा हाईवे पर एक बाइक सवार महिला की ब्रेकर से गिरकर मौत हो गई। महिला अपने भाई के साथ शादी समारोह में शामिल होने जा रही थी।
उझानी के मोहल्ला नझियाई निवासी टेंट व्यवसायी मुख्तयार सैफी की पत्नी रुखसाना (40 वर्ष) अपने भाई मोहम्मद रफीक के साथ शेखूपुर में एक शादी में शामिल होने जा रही थीं। बरेली-मथुरा हाईवे पर हवेली रेस्टोरेंट के पास बने ब्रेकर पर बाइक असंतुलित हो गई। दिल्ली निवासी मोहम्मद रफीक बाइक चला रहे थे। ब्रेकर पर बाइक के असंतुलित होने से रुखसाना सड़क पर गिर गईं। रुखसाना को तुरंत पास के राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और शव को घर ले आए। मृतका रुखसाना की पांच बेटियां और एक सात महीने का बेटा है।

