बदायूं में पुलिस ने पहले बनवाया वीडियो अब भाकियू जिलाध्यक्ष पर कर दी रिपोर्ट दर्ज, SSP कार्यालय का हुआ घेराव

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। थाना मुजरिया में वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में भाकियू (भानु गुट) के जिलाध्यक्ष समेत दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किए जाने पर किसानों में आक्रोश फैल गया। शुक्रवार को बड़ी संख्या में किसानों ने पुलिस कार्रवाई के विरोध में एसएसपी कार्यालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार 19 फरवरी को भाकियू (भानु गुट) के जिलाध्यक्ष अतुल तोमर अपने एक साथी के साथ किसी पुराने मामले की पैरवी के सिलसिले में थाना मुजरिया पहुंचे थे। थाना प्रभारी ज्योति सिंह के मुताबिक वार्ता के दौरान अतुल तोमर के साथ आए व्यक्ति ने बिना अनुमति थाने के अंदर का वीडियो मोबाइल फोन से बना लिया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। पुलिस का कहना है कि यह कृत्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन है। मामले को गंभीरता से लेते हुए सरकारी कार्य में बाधा डालने तथा बिना अनुमति संवेदनशील परिसर की वीडियोग्राफी करने के आरोप में दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।

मुकदमा वापस लेने की ज़िद पर अड़े किसान…

उधर, रिपोर्ट दर्ज होने की सूचना पर किसान संगठनों में रोष व्याप्त हो गया। शुक्रवार को किसानों ने एकजुट होकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर घेराव किया और धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने मुकदमा वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि किसान नेताओं को अनावश्यक रूप से निशाना बनाया जा रहा है। काफी देर तक चले प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति नियंत्रण में रही। अधिकारियों ने किसानों को वार्ता का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *