बदायूं में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा, दो दर्जन शिकायतों के बावजूद अधिकारी मौन

उत्तर प्रदेश

बदायूँ जनमत। उत्तर प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति को जिले के कुछ अधिकारी खुलेआम ठेंगा दिखा रहे हैं। मामला शहर के बाबा कालोनी के निकट गौरी शंकर मन्दिर के आगे सरकारी भूमि पर एक व्यक्ति द्वारा अवैध कब्जा कर सब्जी की दुकान खोलने से जुड़ा बताया जा रहा है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यह सरकारी भूमि जिस पर इस व्यक्ति द्वारा कब्जा किया गया है वो पीडब्ल्यूडी की है। आरोप है कि उनके द्वारा मुख्यमंत्री पोर्टल पर एक-दो नहीं बल्कि 25 बार शिकायत करने के बावजूद विभाग के अधिकारियों द्वारा कोई कार्यवाही नही की गई है, बल्कि अधिकारी सुविधा शुल्क लेकर चुप्पी साधे हुए हैं। शिकायत करने के बाद अधिकारी मौके पर जाकर खानापूर्ति करके और कथित तौर पर कब्जाधारक से मिलीभगत कर फर्जी रिपोर्ट लगा देते हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस व्यक्ति ने पिछले एक साल से अधिक समय से पीडब्ल्यूडी की जमीन पर सब्जी की दुकान खोल रखी है। जब भी कोई इसका विरोध करता है, तो वह गाली-गलौज और मारपीट पर उतारू हो जाता है विभागीय अधिकारियों की इस सुस्ती और भ्रष्टाचार की वजह से सरकारी संपत्तियों पर भू-माफिया का बोलबाला बढ़ता जा रहा है। अब देखना यह है कि क्या जिला प्रशासन इन भ्रष्ट अधिकारियों और अवैध कब्जाधारकों पर कोई कार्रवाई करता है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *