बदायूं में फार्म हाउस पर मिला चौकीदार का शव, हत्या या हादसे की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। एक फार्म हाउस पर चौकीदार का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई। इसकी जानकारी उस समय हुई जब खेत मालिक दूध लेने फार्म हाउस पर पहुंचे। उन्होंने रक्तरंजित शव देखा तो दंग रह गए। सूचना मिलने पर थाना पुलिस के साथ सीओ सुनील कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल पर गहनता से छानबीन की। एसपी ग्रामीण हृदेश कठेरिया ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है।
मामला बिल्सी थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक बिल्सी निवासी नरेश माहेश्वरी का खेत कछला-शाहबाद हाईवे किनारे है। वहां पर उन्होंने फार्म हाउस बना रखा है। गाय भी पाल रखी है। फार्म हाउस पर चौकीदार के तौर पर मुजरिया निवासी सुरेंद्र सिंह (65) करीब 20 साल से काम करते आ रहे थे। वह फार्म हाउस की दूसरी मंजिल पर ही सोते थे।
नरेश ने बताया कि वह मंगलवार को सुबह रोजाना की तरह दूध लेने फार्म हाउस पर गए थे। जब वह वहां पहुंचे तो मंजर देख उनके होश उड़ गए। चौकीदार का शव फार्म हाउस के बाहर जमीन पर पड़ा था। यह देख उन्होंने घर पर परिजनों को सूचना के साथ ही पुलिस को भी घटना से अवगत कराया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस हत्या या फिर छत से गिरने से मौत होने की आशंका जता रही है।

इकलौते बेटे की दस साल पहले हो चुकी मौत

मुजरिया थाना क्षेत्र के अलीगंज निवासी रामनिवास ने बताया कि उनके ताऊ सुरेंद्र सिंह का एक बेटा संतोष था, जिसकी दस साल पहले मौत हो गई। उनकी दो बेटियां हैं, जिनकी शादी हो गई है। अकेले होने के कारण वह चौकीदारी की नौकरी कर अपना जीवन गुजार रहे थे। एसपी ग्रामीण हृदेश कठेरिया ने बताया कि संदिग्ध हालात में चौकीदार का शव मिला है। शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच कराई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *