बदायूॅं जनमत। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने मंगलवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज में आकर सुविधाओं और व्यवस्था को परखा। डीएम समेत अफसरों की मौजूदगी में फैकल्टी से लेकर निर्माण कार्यों की समीक्षा की। प्राचार्य ने जब कुछ दिक्कतें उनके सामने बया कीं तो उन्होंने पहले प्रोजेक्ट मैनेजर, फिर प्रबंध निदेशक (एमडी) से फोन पर बात की। फोन पर ही उन्होंने यह भी पूछ लिया कि निर्माण कार्य पूरे कराने में देर क्यों हो रही है। इसके लिए उन्होंने रिवाइज एस्टीमेट 15 मई तक तैयार कर लेने का निर्देश भी दिया।
मुख्यमंत्री के प्रशासनिक सलाहकार अवनीश अवस्थी मंगलवार शाम करीब तीन बजे राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे। शैक्षणिक भवन में बने सभागार में उन्होंने डीएम अवनीश राय, एडीएम एफआर वैभव शर्मा और एसडीएम मोहित कुमार के साथ प्राचार्य डॉ. अरुण कुमार और प्रमुख डॉक्टरों के साथ कॉलेज की व्यवस्थाओं और निर्माण की प्रगति को लेकर समीक्षा की। समीक्षा के दौरान अवस्थी का मरीजों को सुविधाओं, फैकल्टी की मौजूदा स्थिति, डॉक्टरों समेत स्टॉफ की सुविधाओं को लेकर फोकस रहा। ट्रामा सेंटर के संचालन पर भी चर्चा हुई। प्राचार्य ने जब यह कहा कि इसके लिए स्पेशल स्टाफ की जरूरत पड़ेगी तो उन्होंने जल्द ही इसे भी पूरा कराने की कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए।
करीब एक घंटे तक समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री के सलाहकार ने खासकर अधूरे निर्माण कार्यों को जल्द पूरा कराए जाने को लेकर ज्यादा ध्यान दिया। कार्यदाई संस्था के प्रबंधक निदेशक और प्रोजेक्ट मैनेजर को फोन कर उन्होंने रिवाइज एस्टीमेट देने में हो रही देरी की वजह भी पूछी। दोनों अफसरों से उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि 15 मई तक रिवाइज एस्टीमेट तैयार हो जाना चाहिए। इसके बाद एस्टीमेट की धनराशि अवमुक्त कराके तेजी से काम शुरू कराए जाएं। अवस्थी ने इमरजेंसी वार्ड, आईसीयू, ऑपरेशन थियेटर को भी देखा। निरीक्षण के बाद जाते समय उन्होंने यह भी कहा कि मरीजों को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
बीमार मासूम के ऊपर से मक्खियां उड़ाईं…
मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी इमरजेंसी वार्ड में हालात पर गौर करने के लिए पहुंचे तो उनकी नजर अंतिम छोर पर बेड पर लेटी बीमार मासूम बच्ची पर पड़ गई। मासूम की मां से बच्ची के बारे में पूछने से पहले उन्होंने उसके ऊपर भिनभिना रहीं मक्खियों को अपने हाथ से उड़ाया। बच्ची की स्थिति को लेकर डॉक्टरों से भी बात की। इसी तरह वह क्षय रोगी के पास पहुंचे। प्राचार्य ने उन्हें बताया कि क्षय रोगियों की संख्या में इजाफा हो रहा है। इस पर अवस्थी बोले- अगले साल तक क्षयरोग से निजात पानी है।

मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी के राजकीय मेडिकल कॉलेज में आने की भनक प्राचार्य समेत स्टाफ को काफी पहले ही लग गई थी। हालांकि अवस्थी उसी तरफ गए, जिधर जाने की उनकी इच्छा हुई। समीक्षा के बाद उन्होंने प्रोजेक्टर के जरिये पूरे परिसर के हालात पर गौर किया कि किस भवन की मौजूदा स्थिति क्या है।

