बदायूॅं जनमत। दातागंज क्षेत्र के सैंजनी गांव स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट ने 47 दिनों के लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मंगलवार को मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी ने विधिवत पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्लांट का संचालन शुरू कराया। इसके साथ ही यहां कंप्रेस्ड बायोगैस का उत्पादन दोबारा शुरू हो गया है।
बीते 12 मार्च को प्लांट में कंपनी के दो अफसरों सुधीर गुप्ता व हर्षित मिश्रा की हत्या के बाद सुरक्षा कारणों से प्लांट को बंद कर दिया गया था। इस घटना के बाद न केवल उत्पादन पूरी तरह ठप हो गया था, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और किसानों से जुड़ी गतिविधियों पर भी इसका असर पड़ा था। लगभग डेढ़ महीने तक बंद रहने के बाद अब प्रशासन और प्रबंधन की संयुक्त तैयारियों के फलस्वरूप प्लांट का संचालन पुनः शुरू किया गया है।
अवनीश कुमार अवस्थी ने प्लांट परिसर में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने नारियल फोड़कर और बॉयलर में पराली डालकर उत्पादन प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत कराई। अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार उद्योगों के सुचारु संचालन और निवेश के अनुकूल माहौल को लेकर पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्लांट की कार्यप्रणाली पारदर्शी और सुरक्षित बनी रहे, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति न हो। इस अवसर पर एचपीसीएल के कार्यकारी निदेशक मोहित धवन, जिलाधिकारी अवनीश राय,एसएसपी अंकिता शर्मा सहित प्रशासनिक व पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने प्लांट के दोबारा संचालन को जिले के विकास के लिए अहम कदम बताया।

