बदायूॅं जनमत। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव सोवरनपुर के बाहर मुख्य मार्ग स्थित ब्रह्मदेव मंदिर में शनिवार सुबह पुजारी चंद्रपाल का शव मंदिर परिसर में पेड़ पर फंदे से लटका मिला, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मंदिर परिसर में जुट गई।
मृतक के तहेरे भाई सत्यदेव ने आरोप लगाया कि चंद्रपाल पिछले करीब 20 वर्षों से मंदिर की सेवा, देखरेख और पूजा-अर्चना कर रहे थे। उनका कहना है कि शुक्रवार देर रात किसी ने उनकी हत्या कर शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया। चंद्रपाल अपने पीछे दो पुत्र और दो पुत्रियां छोड़ गए हैं।
उनकी दोनों पुत्रियों का विवाह हो चुका है। बड़े पुत्र नीलकमल भी विवाहित हैं, जबकि छोटे पुत्र हेमंत कमल अविवाहित हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुजारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।


