बदायूं में किशोर का शव मिलने से सनसनी, मौत का कारण जानने में जुटी पुलिस

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। शनिवार सुबह करीब चार बजे कस्बा बिल्सी में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब अशोक सम्राट चौक के पास 15 वर्षीय किशोर का शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। मृतक की पहचान साहिबगंज निवासी रमेश किरारी के पुत्र सत्यम के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार सत्यम की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी। मृतक के पिता रमेश किरारी ने बताया कि उन्हें एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन पर सूचना दी कि उनके बेटे का शव अम्बियापुर चौराहे के पास पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, जहां बेटे का शव देखकर उनके होश उड़ गए। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। बेटे के साथ क्या हुआ, कैसे उसकी मौत हुई, इसकी जानकारी पुलिस ही बताएगी। बिल्सी कोतवाल मनोज कुमार सिंह के अनुसार शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सच सामने आएगा।
फिलहाल किशोर की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी पता नहीं चला है। पुलिस जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *