बदायूॅं जनमत। विगत 17 जून को वजीरगंज थाना क्षेत्र में एक युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा किया है। पुलिस ने हत्यारोपी को दोनाली बंदूक, पांच जिंदा कारतूस और एक बाइक समेत गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
जानकारी के अनुसार कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव गरुईया निवासी दिलीप सिंह यादव पुत्र हरनाम सिंह अपने पुत्र राजेश के साथ डनलप के टायर का पंचर ठीक कराने को ग्राम बनकोटा गये हुए थे। टायर सही कराकर वापस लौटते समय ग्राम बनकोटा में उनके ही गांव निवासी ज्ञान सिंह पुत्र टीकाराम अपनी मोटरसाइकिल से मौके पर आया और अपनी लाइसेंसी दुनाली बंदूक से दिलीप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
मृतक के पुत्र ने बताया कि हमारा तथा ज्ञान सिंह का जमीन को लेकर विवाद था, इसी बात से रंजिशन ज्ञान सिंह ने मेरे पिता दिलीप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं शुक्रवार को वजीरगंज पुलिस द्वारा मुखबिर की सूचना पर हत्यारोपी ज्ञान सिंह पुत्र टीकाराम को ग्राम मेहरा से आने वाले रास्ते गंगा एक्सप्रेस के पास से गिरफ्तार किया गया। साथ ही घटना में प्रयुक्त दोनाली बन्दूक मय 05 कारतूस जिन्दा व एक मोटरसाईकिल स्प्लेंडर काला रंग (UP24AM5864) ज्ञान सिंह के कब्जे से बरामद किये गए। हत्यारोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजा गया।


