बदायूॅं जनमत। शुक्रवार देर शाम एक सड़क हादसे में दो ममेरे-फुफेरे भाइयों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा उसहैत थाना क्षेत्र के कादरचौक रोड पर हनुमान मंदिर के पास हुआ, जब उनकी बाइक मक्के से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई।
मृतकों की पहचान फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज थाना क्षेत्र के मोहम्मदनगर बजेड़ा निवासी मुनीश (22) पुत्र महिपाल और उसके ममेरे भाई पुरुषोत्तम (15) पुत्र ऋषिपाल के रूप में हुई है। मुनीश अपनी ननिहाल आया हुआ था, जहां वह मामा ऋषिपाल की बेटी रीना की शादी में शामिल होने वाला था। मुनीश, पुरुषोत्तम और उनके मोहल्ले के 16 वर्षीय नन्हे उर्फ श्याम के साथ उसहैत बाजार में खरीदारी करने के लिए बाइक से जा रहे थे। कादरचौक रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास पहुंचते ही उनकी बाइक मक्के से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। इस दुर्घटना में मुनीश और पुरुषोत्तम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नन्हे गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल नन्हे को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराकर बाइक सवार दो युवकों की मौत हुई है और एक घायल है। परिजनों ने बताया कि रीना की बारात कासगंज के नकारा गांव से अगले दिन आने वाली थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, तभी यह दुखद घटना घटित हुई।



