बदायूॅं जनमत। उझानी में सोमवार सुबह बरेली-मथुरा हाईवे पर स्लीपर बस ने सड़क किनारे खड़े ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। इस हादसे में ई-रिक्शा सवार नेमचंद्र (55 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी रेखा मामूली रूप से घायल हो गईं। नेमचंद्र बरेली के आंवला थाना क्षेत्र के पलवलिया नगला गांव के निवासी थे। नेमचंद्र और उनकी पत्नी रेखा हरहरपुर गांव में दवा लेने जा रहे थे।
टक्कर के बाद बस चालक वाहन लेकर कासगंज की ओर फरार हो गया। पुलिस फरार बस और उसके चालक की तलाश कर रही है। पुलिस उझानी से कछला तक हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। हादसे के समय ई-रिक्शा में केवल दंपती ही बैठे थे।
हादसे से पहले ई-रिक्शा में चालक सहित पांच सवारियां थीं, जिनमें से दो उतर चुकी थीं। चालक पैसे ले रहा था और ई-रिक्शा सड़क किनारे खड़ा था। तभी पीछे से आई स्लीपर बस ने उसे रौंद दिया। टक्कर से ई-रिक्शा की छत उखड़ गई और वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी सदमे में हैं और ज्यादा जानकारी नहीं दे पा रही हैं। पुलिस उनके परिजनों से संपर्क साधने का प्रयास कर रही है।

