बदायूॅं जनमत। आज रविवार को माहे मोहर्रम की पांचवीं तारीख हो गई। सात तारीख को अलम और मेंहदी का जुलूस निकलेगा। इसको लेकर प्रशासन और आयोजकों ने सभी तैयारियां मुकम्मल कर लीं हैं। लेकिन कस्बा उसहैत में नगर पंचायत प्रशासन की बड़ी लापरवाही सामने आई है। उसहैत नगर पंचायत प्रशासन ने न तो अभी तक जुलूस के मार्गों पर लगे लोहे के खंभों पर पॉलीथिन लगवाई है और न ही खराब पड़ीं लाइटें सही कराई हैं। इसको लेकर लोगों में रोष व्याप्त है।
बता दें कि कस्बा उसहैत में माहे मोहर्रम की सात तारीख को दोपहर दो बजे बड़े इमामबाड़े से हुसैनी गली, बस स्टैंड, कालसेन मंदिर होते हुए अलम का जुलूस निकलता है। वहीं रात को इसी निर्धारित मार्ग पर मेंहदी का जुलूस निकाला जाता है। इसके बाद चांद की नौंवी तारीख की रात और दसवीं तारीख को दोपहर से जुलूस-ए-हुसैन निकलता है। जुलूस से पहले हर जिम्मेदार अपनी जिम्मेदारी को बखूबी निभाता है।
लेकिन इस वर्ष चांद की पांच तारीख हो जाने के बावजूद नगर पंचायत प्रशासन की बड़ी लापरवाही देखने को मिल रही है। मुख्य मार्ग हुसैनी गली के कई खंभों की लाइटें महीनों से खराब पड़ीं हैं। शिकायत के बावजूद कोई सुनने वाला नहीं है। लोगों का कहना है कि जुलूस के मुख्य मार्ग पर ही अंधेरा छाया हुआ है और जिम्मेदार आंखें बंद किए हुए हैं। इसके अलावा अभी तक लोहे के खंभों पर पॉलीथिन भी नहीं लगाई गई है। बरसात का मौसम चल रहा है। ऐसे में जुलूस के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने चाहिए।
इस संबंध में उसहैत नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को फोन लगाया गया लेकिन उनका फोन नहीं लगा। लोगों का कहना है कि समस्याओं को लेकर ईओ को फोन करते हैं तो ईओ फोन रिसीव नहीं करते हैं।


