जनमत एक्सप्रेस। बदायूं वासियों के लिए खुशखबरी है। अब उन्हें बदायूं से लखनऊ जाने के लिए दिक्कत नहीं होगी। बदायूं से लखनऊ के लिए नई ट्रेन चलेगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस नई ट्रेन के संचालन की घोषणा की है। रेल मंत्री ने इस संबंध में केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा को पत्र लिखा है।
नई ट्रेन के संचालन की घोषणा होने के बाद केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने सोमवार को बदायूं में प्रेसवार्ता की और नई ट्रेन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पहले बदायूं से दिल्ली दूर थी, वहां के लिए नई ट्रेन चलने से राहत मिली। अब बदायूं से लखनऊ के लिए बड़ी राहत मिली है। ट्रेन संचालन की तारीख जल्द घोषित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि कासगंज से लखनऊ वाया बदायूं नई ट्रेन संख्या 15312/15311 कासगंज ऐशबाग (लखनऊ) एक्सप्रेस के परिचालन की स्वीकृति मिली है। इस ट्रेन के चलने से लखनऊ आने जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि कासगंज से उझानी और बदायूं से बरेली होते पीलीभीत होते हुए लखनऊ जाएगी। प्रेसवार्ता में केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने विकास की अन्य कई परियोजनाओं को लेकर भी चर्चा की।


