बदायूॅं जनमत। रक्षाबंधन का त्योहार मनाने अपने मायके जा रही महिला के गले से आटो सवार युवकों ने सोने की चेन उड़ा ली। मामले की जानकारी पर पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के गांव दहेमी निवासी विजय पटेल की पत्नी नीलम पटेल अपने मायके जाने को घर से निकली थी। शहर के दातागंज तिराहे पर वाहन से उतरकर वह दातागंज रोड की ओर जाने वाली सवारी के इंतजार में खड़ी हो गई। उनका मायका मूसाझाग थाना क्षेत्र के बेला गांव में है। नीलम ने बताया कि इस दौरान एक आटो चालक उनके पास आया और पूछा कि कहां जाना है, महिला ने बताया कि उन्हें बेला गांव जाना है तो उसने कहा कि उसका आटो उसी साइड जा रहा है।
इस पर महिला आटो में सवार हो गई। नीलम ने पुलिस को बताया कि आटो चालक के साथ एक अन्य व्यक्ति भी आटो में था। जब वो गांव के बाहर आटो से उतरीं और कुछ कदम आगे बढ़ीं तो पता लगा कि उनके गले में पड़ी तकरीबन दो तोला की चेन नदारद थी। आटो वाला भी वहां से अपने साथी के संग भाग चुका था। हालांकि आटो की तस्वीरें दातागंज तिराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरे में आ गई हैं। महिला की जानकारी पर परिजन भी वहां आ गए, तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। 


