बदायूॅं जनमत। रक्षाबंधन के दिन हुए एक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। बिल्सी के दीन नगर शेखपुर चौराहा के पास बाइक से गिरी महिला को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका की पहचान रीना देवी (40) के रूप में हुई है। वह वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव पुसगवां की निवासी थी और स्वर्गीय राम खिलाड़ी की पत्नी थी। रीना अपने भाई के घर उझानी से बांस बरोलिया अपने भाइयों को राखी बांधने जा रही थी। घटना की जानकारी देते हुए मृतका के भाई विजय शर्मा ने बताया कि बिल्सी नगर के दीन नगर शेखपुर चौराहा के पास उनकी बहन बाइक से गिर गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया। आसपास के लोगों ने महिला को बिल्सी सीएचसी पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। 

