मुंबई एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा; एअर इंडिया और इंडिगो के विमान के पंख टकराए, सभी यात्री सुरक्षित

राष्ट्रीय

मुंबई जनमत। मुंबई एयरपोर्ट पर मंगलवार को बड़ा विमान हादसा टल गया, जब यात्रियों से भरे दो विमानों के बीच जमीन पर टक्कर हो गई। घटना रनवे और टैक्सीवे क्षेत्र में हुई, जहां एक विमान खड़ा था और दूसरा लैंडिंग के बाद आगे बढ़ रहा था। राहत की बात यह रही कि इस टक्कर में कोई यात्री घायल नहीं हुआ और सभी सुरक्षित हैं।

कैसे हुई दोनों विमानों की टक्कर.?

सूत्रों के अनुसार एअर इंडिया की फ्लाइट AI 2732 मुंबई से कोयंबटूर जाने के लिए टैक्सीवे पर खड़ी थी। उसी समय इंडिगो की फ्लाइट 6E 791 हैदराबाद से मुंबई पहुंचने के बाद टैक्सी कर रही थी। इसी दौरान आगे बढ़ते इंडिगो विमान का पंख खड़े एअर इंडिया विमान के पंख से टकरा गया। टक्कर जमीन पर हुई, उड़ान के दौरान नहीं।

विंगटिप यानी पंख टकराने से हुआ नुकसान…

एअर इंडिया के प्रवक्ता के मुताबिक घटना 3 फरवरी को टेक-ऑफ से पहले इंतजार के दौरान हुई। दोनों विमानों के विंगटिप्स यानी पंख आपस में टकराए। इससे एअर इंडिया के विमान के पंख के किनारे वाले हिस्से को नुकसान पहुंचा। टक्कर हल्की थी, लेकिन सुरक्षा नियमों के तहत इसे गंभीरता से लिया गया है।

एहतियातन विमान रोका गया, यात्रियों को उतारा…

घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट स्टाफ और सुरक्षा टीम सक्रिय हो गई। प्रभावित विमान को तुरंत ग्राउंडेड कर दिया गया। सभी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से विमान से उतार लिया गया। एअर इंडिया ने यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था शुरू की। दोनों विमानों को तकनीकी जांच के लिए सेवा से बाहर रखा गया है।

रेगुलेटर को सूचना, जांच शुरू…

एयरलाइन की ओर से बताया गया कि घटना की सूचना एविएशन रेगुलेटर को दे दी गई है। तकनीकी टीम दोनों विमानों की विस्तृत जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार किसी यात्री या क्रू मेंबर के घायल होने की खबर नहीं है। आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट आने के बाद तय होगी। एयरपोर्ट संचालन कुछ समय प्रभावित रहा, लेकिन बाद में सामान्य कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *