बदायूं में तालाब में मिला युवक का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव नथनीपुर में बुधवार सुबह 18 वर्षीय युवक का शव तालाब में मिला। तालाब से गोताखोरों ने युवक का शव निकाला। परिजनों का कहना है कि उसके चेहरे पर चोट के निशान थे। उन्होंने गांव के ही एक व्यक्ति और उसके परिवार पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पोस्टमॉर्टम हाउस पर पहुंचे नथनीपुर गांव निवासी गणपत ने बताया कि उनका 18 वर्षीय भाई उमेश उर्फ सोनी मंगलवार शाम करीब सात बजे गांव में ऋषिपाल की आटा चक्की पर गेहूं पिसाने गया था। चक्की पर ऋषिपाल के बेटों ने उमेश पर तौलने वाला बाट चोरी करने का आरोप लगाया। इसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान ऋषिपाल के बेटे मुनेंद्र समेत अन्य लोगों ने लोहे के बाट से उमेश पर हमला कर दिया, जिससे उसकी आंख बुरी तरह जख्मी हो गई।

बचने के लिए भागा तो तालाब में गिरने का आरोप

पिता के मुताबिक, जान बचाने के लिए उमेश वहां से भागा और हड़बड़ाहट में गांव के पास स्थित तालाब में गिर गया। सूचना मिलने पर वह और उनका भाई उमेश बचाने के लिए पानी में कूद पड़ा, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण वह भी डूबने लगे। इससे वे बाहर निकल आए। आरोप है कि इस दौरान ऋषिपाल और उनके बेटे पास खड़े देखते रहे। उन्होंने कोई मदद नहीं की। इसके बाद ग्रामीणों ने तैरकर और नावों की मदद से देर रात तक उमेश की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
सूचना पर रात में ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बुधवार सुबह गोताखोरों को बुलाया गया। करीब नौ बजे उन्होंने तालाब से उमेश का शव बरामद कर लिया। चेहरे पर चोट के निशान मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। सीओ दातागंज अशेष नाथ सिंह ने बताया कि शव को पंचनामा भर कर पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *