सीने में गोली लगने से युवक की मौत, खेत में मिला शव, मौके से तमंचा-बीयर और फोन बरामद

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। हजरतपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को रामगंगा पुल के पास वनकटी में अनुराग नाम के युवक का खून से लथपथ शव बरामद हुआ है। उसके सीने में गोली लगी है। शव के पास ही एक तमंचा, मोबाइल फोन और बीयर की केन बरामद हुई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, लेकिन छानबीन के बाद प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे आत्महत्या माना है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी।
मंगलवार की सुबह करीब 10 बजे खेतों पर गए लोगों ने वनकटी में शव पड़ा देखा। सूचना पर हजरतपुर थाना पुलिस और गांव के तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने अज्ञात शव मानते हुए जांच शुरू की। बाद में युवक की पहचान हजरतपुर गांव निवासी पिंटू सिंह के पुत्र अनुराग उर्फ पीयूष 23 के रूप में हुई।

सोमवार से लापता था युवक…

मौके पर पहुंचे पिंटू ने बताया कि अनुराग नोएडा में रहकर किसी कंपनी में नौकरी करता था। दीपावली पर वह घर आया था। सोमवार रात से लापता था। परिजन उसकी खोजबीन कर रहे थे। इसी बीच सुबह सूचना मिली। अनुराग की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
हजरतपुर थानाध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि शव के नजदीक ही तमंचा और बीयर की केन बरामद हुई है। प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का नजर आ रहा है। पोस्टमार्टम के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। सीओ दातागंज अशेष नाथ सिंह ने बताया कि जांच कराई जा रही है। परिजनों से भी पूछताछ की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के संबंध में कुछ कहना सही होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *