बदायूॅं जनमत। बुजुर्ग महिला की उसके ही घर में हत्या कर दी गई। महिला का चेहरा और हाथ की एक उंगली दांत से चबाई गई थी। कपड़े भी अस्त-व्यस्त हालत में मिले हैं। इन हालातों को देखते हुए पुलिस रेप के बाद हत्या की आशंका जता रही है। फिलहाल पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, हालांकि आरोपी नशे की हालत में है और कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहा है। मामले में पुलिस तहरीर का इंतजार कर रही है।
घटना सहसवान थाना क्षेत्र के मोहल्ला जहांगीराबाद के पास कछला रोड स्थित काशीराम आवासीय कॉलोनी की है। यहां बुजुर्ग महिला अपने छोटे बेटे के साथ रहती थी। उसका बड़ा बेटा मोहल्ला जहांगीराबाद में अपने परिवार के साथ पुराने मकान में रहता है। महिला पैरालिसिस की मरीज थी, हालांकि छड़ी के सहारे चल लेती थी। करीब 10 दिन पहले उसका छोटा बेटा अलीगढ़ जिले में लगे मेले में आइसक्रीम की दुकान पर काम करने चला गया था। वहीं बड़ा बेटा इटावा में चल रही नुमाइश में आइसक्रीम की दुकान पर काम कर रहा था। दो दिन पहले बड़ा बेटा घर लौटा था। पोस्टमार्टम हाउस पर उसने बताया कि छोटा बेटा अपने एक दोस्त को मां की देखभाल के लिए घर पर छोड़ गया था। आरोपी इसी दोस्त के रूप में घर पर रह रहा था। हालांकि वह कहां का रहने वाला है, इसकी जानकारी बड़े बेटे को भी नहीं है।
तीन बजे मिली हत्या की सूचना…
बड़े बेटे के अनुसार, मंगलवार शाम करीब तीन बजे मोहल्ले के लोगों ने उसे सूचना दी कि उसकी मां की हत्या हो गई है। जब वह मौके पर पहुंचा तो देखा कि चारपाई पर मां का शव पड़ा था और कपड़े अस्त-व्यस्त थे। कुछ दूरी पर आरोपी नशे की हालत में पड़ा हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को कस्टडी में ले लिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई…
बेटे ने बताया कि मां के चेहरे पर दांत से काटने के निशान थे और हाथ की एक उंगली भी दांत से चबाई गई थी। इन हालातों को देखते हुए रेप के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। एसपी देहात डॉ. हृदेश कठेरिया ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

