बदायूं में गंगा नदी के तेज बहाव में बही छात्रा; देर शाम तक नहीं चला पता, तलाश जारी

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। जिले के सहसवान कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नगला बरन में दुखद हादसा सामने आया है। रिश्तेदारी में बुआ के घर आई 15 वर्षीय छात्रा गंगा नदी में नहाते समय तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गई। घटना के बाद प्रशासन और गोताखोरों की टीमें छात्रा की तलाश में जुटी रहीं। शुक्रवार शाम तक उसका पता नहीं चला।
बिसौली तहसील के ग्राम कलकेरी निवासी छात्रा सविता (15) पुत्री कृपाल पासी अपने रिश्तेदार बाबूराम पुत्र वीरपाल के घर नगला बरन आई हुई थी। वह परिवार के साथ शादी समारोह में आई थी। बृहस्पतिवार की शाम वह अपनी फुफेरी बहन पूजा के साथ गांव के बराबर से गुजर रही गंगा नदी में नहाने गई थी। इसी दौरान अचानक तेज बहाव में सविता पानी में बह गई। देर शाम तक तलाश जारी रही, लेकिन छात्रा का सुराग नहीं मिला। शुक्रवार की सुबह से ही तहसील प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और पीएसी की टीमें गंगा में किशोरी की तलाश में जुटी हुई थीं। किशोरी के साथ अनहोनी की आशंका को लेकर परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *