पेपर लीक विवाद; नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के 47 अफसर बर्खास्त, कुछ पर होगी कानूनी कार्रवाई

राष्ट्रीय

जनमत एक्सप्रेस। 2026 नीट पेपर लीक विवाद के बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी में बड़े बदलाव की तैयारी तेज हो गई है। इसी बीच एनटीए ने 47 अफसरों को भी बर्खास्त कर दिया। सरकार की एनटीए पर ये अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है। इनमें से कुछ अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। एनटीए के अधिकारियों का कहना है कि एनटीए का पूरा कायाकल्प किया जाएगा और इसके बाद सुधारात्मक कदम लागू किए जाएंगे। ऐसे में माना जा रहा है कि एजेंसी की कार्यप्रणाली में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। यह कार्रवाई उच्च शिक्षा सचिव विनीत जोशी के पंचायती राज मंत्रालय में तबादले के एक दिन बाद सामने आई है।

क्या एनटीए में और भी बड़े बदलाव हो सकते हैं..?

संभावना है कि एनटीए के कामकाज में भी व्यापक बदलाव किए जा सकते हैं। एजेंसी की आउटसोर्सिंग व्यवस्था में भी बड़ा सुधार किया जा सकता है। परीक्षा संचालन से जुड़े निजी वेंडर्स और सेवा प्रदाताओं के चयन के नियम सख्त किए जा सकते हैं। पेपर लीक रोकने के लिए लीक-प्रूफ परीक्षा प्रणाली विकसित की जा सकती है। परीक्षा की सुरक्षा बढ़ाने के लिए निगरानी और तकनीकी व्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है।
माना जा रहा है कि विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा सकता है। परीक्षा केंद्रों के चयन और उनकी निगरानी के नियमों में बदलाव हो सकता है। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और वितरण प्रक्रिया को और सख्त बनाया जा सकता है। एनटीए की जवाबदेही और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए नए प्रावधान किए जा सकते हैं। परीक्षा प्रक्रिया की नियमित समीक्षा और निगरानी के लिए नई व्यवस्था लागू की जा सकती है।

NTA कौन-कौन सी परीक्षाएं कराता है.?

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी देश की सबसे बड़ी परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसियों में से एक है। यह हर साल 15 से 20 राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश और पात्रता परीक्षाएं आयोजित करती है। इनमें NEET-UG, JEE Main, CUET-UG, CUET-PG, UGC-NET, CSIR-UGC NET, CMAT, GPAT, AIAPGET, JIPMAT, NCET, AISSEE, NCHM JEE, NSSNET, SHRESHTA, SWAYAM समेत कई अन्य परीक्षाएं शामिल हैं। इन परीक्षाओं के माध्यम से मेडिकल, इंजीनियरिंग, केंद्रीय विश्वविद्यालयों, प्रबंधन, फार्मेसी, शिक्षक शिक्षा और अन्य उच्च शिक्षा संस्थानों में प्रवेश तथा पात्रता तय की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *