बदायूॅं जनमत। भारतीय किसान यूनियन हल संगठन ने सात सूत्रीय मांगों को लेकर कछला गंगा घाट पर जल सत्याग्रह किया। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष अतुल तोमर ने कहा जनपद की सभी तहसीलों से गरीब किसानों को निराशा मिलती है। तहसील में एक लेखपाल से लेकर राजस्व विभाग तक साफ और सही मामलों को उलझन में डालकर किसानों से तहसील के चक्कर लगवाते हैं।
उन्होंने कहा किसानों के कामों में देरी करने वाले ऐस कर्मचारियों को निलंबित किया जाये। साथ ही यूरिया खाद की कालाबाजारी पर तत्काल रोक लगाई जाए। किसानों को खरीदी गई खाद की अनिवार्य रसीद दी जाए, नकली कीटनाशकों की बिक्री पर रोक एवं दोषियों के लाइसेंस निरस्त किए जाएं। गांव से देशी शराब का ठेका हटाए जाए, इससे स्कूल बच्चे और महिलाओं को दिक्कत होती है। किसान क्रेडिट कार्ड केसीसी ऋण के नवीनीकरण की प्रक्रिया को सरल एवं किसान हितैषी बनाया जाए।

