यूपी जनमत। शाहजहांपुर में मीरानपुर कटरा-जलालाबाद राज्यमार्ग के खैरपुर चौराहे के पास शनिवार को सुबह चार वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में दो टैंकर चालकों की मौत हो गई। हादसा घने कोहरे के कारण हुआ। हादसे के बाद सड़क पर जाम गया। पुलिस ने क्रेन से दुर्घटनाग्रस्त वाहन हटवाए। इसके बाद यातायात सुचारू हो सका।
हादसा शनिवार को सुबह करीब आठ बजे हुआ। सुबह के वक्त घना कोहरा था। इसी दौरान खैरपुर चौराहे के पास कोहरे के कारण ट्रक, दो टैंकर व एक कार टकरा गई। हादसे में दो टैंकरों के चालक की मौके पर मौत हो गई। जबकि ट्रक के चालक के पैरों में गंभीर चोट आई है। हादसे के बाद कुछ देर के लिए हाईवे जाम हो गया।
एक मृतक की हुई पहचान…
स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्रेन से वाहनों को हटवाकर जाम खुलवाया। घायल ट्रक चालक को राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। एक मृतक की पहचान राजपाल (50 वर्ष) निवासी ग्राम राजीखेड़ा थाना कुन्दरकी जिला संभल के रूप में हुई है। दूसरे मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
उधर, बरेली के शाही क्षेत्र में शनिवार को सुबह कोहरे के कारण हादसा हो गया। शाही-फतेहगंज पश्चिमी मार्ग पर दिल्ली पब्लिक स्कूल की बस पिकअप से टकरा गई। गनीमत रही कि बस में विद्यार्थी नहीं थे। स्कूल बस शाही कस्बा से परसाखेड़ा स्थित स्कूल जा रही थी। हादसे में स्कूल बस चालक पृथ्वीपाल और पिकअप चालक सरताज हुसैन मामूली रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली।

