बदायूॅं जनमत। इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव सिठौली की निवासी 30 वर्षीय पूजा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पूजा का विवाह करीब तीन साल पहले बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव बीघा नगला निवासी शिवम पुत्र मुकेश के साथ हुआ था। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले पूजा से चार पहिया वाहन और चार लाख रुपये नकद दहेज की मांग कर रहे थे। पूजा के पिता रामबाबू सिंह ने बताया कि उन्होंने जमीन बेचकर बेटी की शादी की थी और अतिरिक्त दहेज देने में असमर्थ थे। उनका आरोप है कि इसी कारण पूजा को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों के अनुसार, उन्हें पूजा की तबीयत अचानक बिगड़ने की सूचना मिली थी। जब वे ससुराल पहुंचे, तो पूजा मृत अवस्था में मिली, जबकि ससुराल पक्ष के सभी लोग मौके से फरार थे।
मायके पक्ष ने पूजा के पति शिवम, ससुर मुकेश, सास सुशीला, ननद स्वाति, बुआ सरोज और तहेरे ससुर मुनेंद्र के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

