बदायूॅं जनमत। कहते हैं मजबूत विपक्ष ही विकास का कारण बनता है, यही कहावत बदायूं पर भी सटीक बैठती है। लंबे समय से लोगों के साथ-साथ विपक्ष भी बदायूं से दिल्ली और लखनऊ के लिए सीधी रेल सुविधा की मांग कर रहा था। इसको लेकर सांसद धर्मेंद्र यादव और सांसद आदित्य यादव ने कई बार संसद में मुद्दा उठाया था। हाल ही में संसद में सांसद धर्मेन्द्र यादव ने भाजपा के केंद्रीय मंत्री व बदायूं निवासी बीएल वर्मा पर जुबानी निशाना साधा था। उन्होंने कहा था “बदायूं के होकर भी बदायूं के विकास के लिए कुछ न कर सके” जिसके बाद सियासत गरमा गई। हालांकि बीएल वर्मा ने भी इस पर पलट वार किया था। लेकिन वर्मा जी ने बात को गंभीरता से लिया और अपना प्रयास और तेज कर दिया।
जिसके परिणामस्वरूप बदायूं के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी आ गई। केंद्र सरकार ने बरेली-नई दिल्ली एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 14315/14316) का विस्तार बदायूं होते हुए कासगंज रेलवे स्टेशन तक करने की मंजूरी दे दी है। अब जिले के हजारों यात्रियों को सीधे राजधानी दिल्ली तक आवागमन की सुविधा मिल सकेगी, जिससे यात्रा और भी सुगम हो जाएगी।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से जारी आधिकारिक पत्र में इस बात की पुष्टि की गई है। हालांकि बताया जा रहा है कि यह स्वीकृति केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा द्वारा 20 नवंबर 2025 को भेजे गए पत्र के संदर्भ में प्रदान की गई है। रेल मंत्रालय के इस निर्णय को क्षेत्रीय विकास और जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
रेल मंत्री के जारी पत्र के अनुसार, इस ट्रेन के विस्तार से बदायूं, कासगंज और बरेली मंडल के बीच आवागमन को नई गति मिलेगी। यह ट्रेन न केवल दैनिक यात्रियों बल्कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों के लिए भी बेहद लाभकारी साबित होगी। वहीं लोगों का मानना है कि रेल सेवाओं के विस्तार से क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। बदायूं जैसे जिलों में बेहतर कनेक्टिविटी से निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी और स्थानीय बाजारों को नई पहचान मिलेगी। साथ ही पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। कुल मिलाकर, बरेली-नई दिल्ली एक्सप्रेस का कासगंज तक विस्तार बदायूं जनपद के लिए एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

