बदायूं में खनन को लेकर लेखपाल और पुलिस टीम में मारपीट, जिलेभर में हड़ताल की चेतावनी

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। खनन कर मिट्टी ला रहे दो ट्रैक्टर-ट्राली को मंगलवार को पुलिस ने पकड़ लिया। इसी दौरान एक लेखपाल वहां आए और कहा कि अनुमति के बाद वह अपने प्लाट में मिट्टी डलवा रहे हैं। इसी बात पर पुलिस व लेखपाल में मारपीट हो गई। पुलिस का आरोप है कि लेखपाल नशे में थे। वहीं लेखपाल का आरोप है कि पुलिस उनको पकड़कर चौकी ले गई। जहां पुलिस ने उनके साथ मारपीट की। लेखपाल को अस्पताल में ले जाकर मेडिकल कराया गया। पुलिस का कहना है कि लेखपाल शराब के नशे में थे, जिसकी पुष्टि रिपोर्ट में हुई है।
कुंवरगांव में तैनात एक लेखपाल का आरोप है कि मंगलवार को पड़ौवा गांव में बीएलओ का काम निपटाकर लौट रहे थे। रास्ते में मंडी समिति के पास उनके खेत में मिट्टी का भराव हो रहा था। उन्होंने बताया कि दो सिपाहियों ने मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका। उन्होंने बताया कि खनन अधिकारी से इसकी अनुमति ले रखी है। इसी बात पर सिपाहियों से उनकी बहस हो गई। आरोप है कि सिपाही उन्हें मंडी समिति पुलिस चौकी ले गए और वहां मारपीट की। बाद में उन्हें सिविल लाइंस थाने लाया गया, जहां भी उनके साथ मारपीट की गई। छोड़ने के नाम पर 50 हजार रुपये मांगने का भी आरोप लगाया है। वहीं पुलिस का आरोप है कि लेखपाल शराब के नशे में थे। मिट्टी भरी ट्रैक्टर-ट्राली रोकने के बाद उन्होंने सिपाही के साथ मारपीट की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उनको चौकी ले आए। नशे में वह गाली-गलौज कर रहे थे। जिसपर उनका जिला अस्पताल में मेडिकल कराया गया। रिपोर्ट में ऐल्कोहॉल की पुष्टि हुई है।
जानकारी मिलने बाद लेखपाल संघ के अध्यक्ष भोजराज यादव और उपमंत्री रूपेंद्र शाक्य सहित कई पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने लेखपाल के आरोपों का समर्थन किया और कहा कि इस तरह का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो बुधवार से जिलेभर के लेखपाल काम बंद करके आंदोलन करेंगे। सिविल लाइंस इंस्पेक्टर नीरज मलिक ने बताया कि लेखपाल शराब के नशे में थे और उन्हें मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है, ताकि आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *