बदायूं में खाद्य सुरक्षा टीम का छापा; चार नमूने जांच को भेजे, साफ सफाई न मिलने पर नोटिस जारी

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ एवं डीएम के आदेश के क्रम में सहायक आयुक्त (खाद्य)- द्वितीय सीएल यादव व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरपी सिंह के निर्देशन में आगामी होली पर्व के दृष्टिगत आम जनमानस को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थो की उपलब्धता के लिए जनपद में मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोकथाम के लिए गुरुवार को जनपद के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से विशेष अभियान चलाया गया। इसके दौरान विभिन्न खाद्य परिसरों से चार खाद्य पदार्थों के नमूनों को जांच के लिए संग्रहित किया गया। आम जनमानस को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया।
इस दौरान शहर के गोपी चैक स्थित पारूल रस्तोगी के प्रतिष्ठान से एक रिफाइंड सोयाबीन तेल का नमूना संग्रहित किया गया, शेष लभभग 74 लीटर (अनुमानित मूल्य 10,500) रिफाइंड सोयाबीन तेल सीज किया गया। वहीं प्रतिष्ठान में साफ-सफाई संतोषजनक न पाये जाने पर इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया। इसके अलावा अनाज मण्डी स्थित हर्षित साहू के प्रतिष्ठान से एक गुड़ का नमूना संग्रहित किया गया। प्रतिष्ठान में साफ-सफाई संतोषजनक न पाये जाने पर इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया। सैफुल्लागंज सहसवान स्थित धर्मपाल के प्रतिष्ठान से एक छेना मिठाई का नमूना संग्रहित किया गया, शेष लभभग 45 किग्रा छेना मिठाई (अनुमानित मूल्य 5000) जो मानव उपभोग के लिए उपयुक्त न पाये जाने पर नियमानुसार नष्ट कराया गया। प्रतिष्ठान में साफ-सफाई संतोषजनक न पाये जाने पर इम्प्रूवमेंट नोटिस दिया गया। नथुलागंज सहसवान स्थित असरार अहमद के प्रतिष्ठान से एक लड्डू का नमूना संग्रहित किया गया। इन संग्रहित किए गए चारों नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया।
जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अन्तर्गत अग्रिम विधिक कार्यवाही की जाएगी। निरीक्षण के दौरान समस्त खाद्य कारोबारकर्ताओं को खाद्य पदार्थों को ढ़ककर रखने, दुकानों में साफ-सफाई रखने, शुद्व एवं गुणवत्ता पूर्वक खाद्य पदार्थों को बेंचने, बिना लाइसेंस के खाद्य कारोबार नहीं संचालित करने के कड़े निर्देश दिए गए।
टीम में सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय सीएल यादव, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरपी सिंह एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारीगण भगवत सिंह, प्रिया त्रिपाठी खुशीराम एवं करन सिंह मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *