बदायूं में फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव; मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप, PM से हुआ ये खुलासा

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में गांव नगला शर्की निवासी विवाहिता रजनी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव सोमवार रात कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया है।
उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव जिरौलिया निवासी बृजेंद्र सिंह ने अपनी बेटी रजनी (25) की शादी तीन साल पहले सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव नगला शर्की निवासी पंकज पुत्र रक्षपाल के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही रजनी के ससुराल वाले दहेज के लिए उसके साथ मारपीट करते थे। दहेज में नकदी और सामान की मांग कर रहे थे। मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने सोमवार रात रजनी की हत्या कर फंदे से लटका दिया। इसके बाद फोन करके मायके वालों को आत्महत्या की सूचना दे दी। मायके पक्ष के लोग घर पहुंचे तो रजनी का शव घर में था। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
बृजेंद्र सिंह ने थाने में तहरीर दी। जिसके आधार पर पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में मृतका के पति पंकज, ससुर रक्षपाल, सास गीता देवी व देवर अनूप के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं देर शाम आई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हैंगिंग से मौत की पुष्टि हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *