संभल में सपा सांसद जिया उर रहमान वर्क के आवास पर चला हथौड़ा, खुद कराया ध्वस्तीकरण

उत्तर प्रदेश

संभल जनमत। जिले के दीपा सराय में मौजूद सपा सांसद जिया उर रहमान वर्क के आवास पर बने अवैध निर्माण को लेकर कार्रवाई तेज हो गई है। SDM कोर्ट के आदेश के तहत 30 दिन की मोहलत समाप्त होने से महज एक दिन पहले ही आज को सांसद ने खुद मजदूरों को लगाकर अवैध निर्माण को तोड़ने का काम शुरू करा दिया। मजदूरों ने हथौड़े और औजारों की मदद से धीरे-धीरे हिस्सों को गिराना शुरू किया।
दरअसल, SDM विकास चंद्र ने 12 अगस्त को आदेश जारी कर सांसद वर्क को उनके आवास पर बने 151 वर्ग फीट क्षेत्रफल के अवैध निर्माण को तोड़ने का निर्देश दिया था। इसके लिए उन्हें 30 दिन का वक्त दिया गया था, जो 10 सितंबर को समाप्त हो रहा था। आदेश में साफ कहा गया था कि यदि सांसद खुद अवैध निर्माण नहीं गिराते तो प्रशासन मजबूरन बुलडोजर चलाकर कार्रवाई करता। मोहलत खत्म होने से पहले ही ध्वस्तीकरण शुरू कराकर सांसद ने यह संकेत देने की कोशिश की है कि वे अदालत के आदेश का सम्मान करते हैं। हालांकि, इस कार्रवाई को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। राजनीतिक गलियारों में सवाल उठ रहे हैं कि क्या सांसद ने दबाव और विवाद से बचने के लिए खुद यह कदम उठाया या फिर यह प्रशासनिक सख्ती का असर है। फिलहाल मजदूर लगातार अवैध निर्माण को तोड़ने में जुटे हुए हैं। माना जा रहा है कि अगले एक-दो दिनों में यह काम पूरा हो जाएगा।
इस मामले में जब सांसद के अधिवक्ता कासिम जमाल से प्रतिक्रिया चाही गई तो उन्होंने किसी भी तरह की जानकारी होने से साफ इनकार कर दिया। उनका कहना था कि उन्हें इस ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। स्थानीय लोगों में भी इस कार्रवाई को लेकर मिश्रित प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। कुछ लोगों का कहना है कि सांसद ने देर से सही लेकिन अदालत के आदेश का पालन किया, वहीं कुछ इसे प्रशासन के दबाव का नतीजा बता रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *