बदायूॅं जनमत। उघैती थाना क्षेत्र में सैलून संचालक समीर पर दिनदहाड़े फायरिंग से गंभीर रूप से घायल समीर की सैफई मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान देर रात मौत हो गई। घटना 16 मार्च को ईखखेड़ा गांव में हुई थी, जहां समीर को ताबड़तोड़ फायरिंग में दो गोलियां लगी थीं। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था, जहां उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस इस मामले में पहले ही खुलासा कर चुकी है। चार आरोपियों मनवीर, यशपाल (निवासी ग्राम मेवली), राकेश (निवासी ग्राम खंडुआ) और आशीष (निवासी ग्राम स्वरूपपुर, थाना उघैती) को गिरफ्तार कर दो दिन पहले ही जेल भेजा जा चुका है। पुलिस के अनुसार, वारदात के पीछे अवैध संबंधों को लेकर विवाद था। समीर की दुकान मनवीर के ससुराल वाले गांव में थी और शादी से पहले मनवीर की पत्नी से उसके संबंध थे। इसी विवाद के चलते मनवीर ने अपने साथियों के साथ मिलकर साजिश रची और घटना को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक, दो तमंचे, दो खोखे, दो कारतूस, एक चाकू और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। समीर की मौत के बाद अब पुलिस मामले में हत्या की धारा जोड़कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


