बदायूं में आम के बाग में लटका मिला शव; 15 दिन से था लापता, कोर्ट में तारीख लेने निकला था अधेड़

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। कादरचौक थाना क्षेत्र के खितौलिया गांव में एक व्यक्ति का शव आम के बाग में पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान 50 वर्षीय नत्थूलाल पुत्र केवलराम के रूप में हुई है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
परिजनों ने बताया कि करीब एक माह पहले नत्थूलाल का पड़ोसी नरेश से शराब पीने को लेकर विवाद हुआ था। इस विवाद में नरेश के सिर में गंभीर चोटें आई थीं, जिसके बाद उनका जिला अस्पताल में उपचार और मेडिकल परीक्षण कराया गया था। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने लगभग 15 दिन पहले नत्थूलाल का शांतिभंग में चालान किया था। इसके बाद से वह डर के कारण करीब 15 दिनों से गांव में नहीं रह रहा था।
बताया गया कि नत्थूलाल 14 जनवरी को अपनी तारीख पर कोर्ट गया था, लेकिन उसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। शुक्रवार को गांव के पास स्थित आम के बाग में राहगीरों ने उसका शव पेड़ से लटका देखा। इसकी सूचना तुरंत परिजनों और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि घटनास्थल से शराब के तीन खाली टैट्रा पैक और एक गिलास भी बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार, मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *