बिसौली के युवक ने फंदा लगाकर दी जान, गांव के शख्स ने लगाया था चोरी का आरोप

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। अग्निवीर की लिखित परीक्षा पास कर चुके युवक ने शु्क्रवार को अपने घर में फंदे से लटककर जान दे दी। युवक पर चोरी का आरोप लगा था। उसकी मौत के बाद पिता बेहोश हो गए। उनकी हालत खराब होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच में जुटी है।
बिसौली कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जलालपुर निवासी 18 वर्षीय चंद्रभान पुत्र मैकू अग्निवीर की लिखित परीक्षा पास कर चुका है, फिजिकल की तैयारी में लगा था। शुक्रवार को ही उसने अपने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। मृतक के परिजन विंटू ने बताया कि गांव के ही एक व्यक्ति ने दबतोरी पुलिस चौकी में तहरीर दी थी। इसमें चंद्रभान पर घर में चोरी करने का आरोप लगाया था। युवक के आत्महत्या करने से पूर्व चौकी इंचार्ज विक्रांत सिंह ने चंद्रभान सिंह के घर पहुंचे और चोरी की तहरीर के आधार पर पूछताछ की।
चंद्रभान की मां ने बताया कि वह चंदौसी गया हुआ है। इसके बाद पुलिस लौट आई। दोपहर को चौकी पुलिस को फोन पर सूचना दी गई कि चोरी के आरोपी चंद्रभान ने अपने ही घर में फंदा लगाकर जान दे दी है। पुलिस मौके पर पहुंची। इससे पहले ही परिजनों ने चंद्रभान का शव फंदे से नीचे उतार लिया था।
सीओ बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव ने कहा है कि मृत युवक के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। चोरी के आरोपों की जांच कराई जाएगी। फिलहाल मृतक के परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *