साक्ष्य जुटाने आई हरियाणा पुलिस की गिरफ्त से हथकड़ी समेत अभियुक्त फरार, पुलिस के छूटे पसीने

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। बृहस्पतिवार को हरियाणा पुलिस एक अभियुक्त को रिमांड पर लेकर साक्ष्य जुटाने पहुंची थी। जैसे ही हरियाणा पुलिस अभियुक्त को लेकर उसके गांव पहुंची वैसे ही पुलिस को चकमा देकर वह फरार हो गया। हैरत की बात यह थी कि अभियुक्त हरियाणा पुलिस की हथकड़ी समेत फरार हुआ था। इसके बाद हरियाणा पुलिस के पसीने छूटे गए, उसने इसकी सूचना थाना प्रभारी को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी आनन-फानन में मय फोर्स के मौके पर पहुंचे और फरार अभियुक्त की तलाशी शुरू की, काफी मशक्कत के बाद फरार अभियुक्त को बाजरे के खेत से बरामद किया गया। जिसके बाद पुलिस की सांस में सांस आई और हरियाणा पुलिस उसे साथ वापस ले गई।
मामला उसहैत थाना क्षेत्र के गांव नौगवां नसीरनगर का है। गांव निवासी अजय कुमार पुत्र सत्यभान सिंह हरियाणा कामकाज करने गया था। इसी दौरान वह हरियाणा से एक लड़की को भगाकर गांव ले आया। काफी दिनों तक दोनों गांव में ही रहने लगे। कुछ दिन पहले अजय कुमार लड़की को लेकर हरियाणा पहुंचे था, इसी दौरान हरियाणा पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और मामले की पूछताछ शुरू कर दी। गांव का नाम आने पर हरियाणा पुलिस बृहस्पतिवार की सुबह उसे गांव लेकर पहुंची। गांव पहुंचे ही उसने पुलिस को चकमा दे दिया और हथकड़ी समेत फरार हो गया। आरोपी अजय कुमार के फरार होने पर पुलिस के पसीने छूट गये। हरियाणा पुलिस ने उसहैत थाना प्रभारी देवेन्द्र सिंह को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अजय की तलाश शुरू कर दी।

बाजरे के खेत से बरामद हुआ फरार अभियुक्त…

उसहैत पुलिस जब गांव पहुंची तब उसे पता चला कि अभियुक्त अजय कुमार खेतों की ओर भागा है। इस पर थाना प्रभारी देवेन्द्र सिंह ने चार टीमों का गठन किया और अलग-अलग दिशाओं में अजय की तलाश शुरू कर दी। काफी मशक्कत के बाद अजय एक बाजरे के खेत में छिपा हुआ मिला। अभियुक्त के मिलने पर पुलिस ने चैन की सांस ली और उसे हरियाणा पुलिस के हवाले कर दिया। जिसे लेकर हरियाणा पुलिस वापस लौट गई।

अभियुक्त को भगाने में ग्रामीणों का था सहयोग…

अभियुक्त अजय कुमार को जैसे ही हरियाणा पुलिस गांव में लेकर पहुंची वैसी ही गांव वालों का जमावड़ा लग गया। जिसका फायदा उठाकर अभियुक्त पुलिस को चकमा देने और फरार होने में कामयाब हो गया। आरोप है कि कुछ ग्रामीणों ने अभियुक्त को बाजरे के खेत में छिपाया था।
वहीं उसहैत थाना प्रभारी देवेन्द्र सिंह ने बताया कि हरियाणा पुलिस की गिरफ्त से अभियुक्त अजय कुमार फरार हो गया था। जिसे थाना पुलिस की मदद से बरामद कर हरियाणा पुलिस को सौंपा गया है। पुलिस उसे सकुशल वापस हरियाणा ले गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *