बदायूं में दो मंजिला इमारत का अगला हिस्सा गिरा, मलबे में दबकर महिला की मौत, 3 पशु भी मरे

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। उझानी क्षेत्र के गांव मीहलाल नगला में बृहस्पतिवार तड़के करीब 5:00 बजे प्रताप सिंह का दो मंजिला मकान का अगला हिस्सा भरभराकर ढह गया। इस दौरान वहां मौजूद उनकी पत्नी अगरवती (55 वर्ष) और चार पशु दब गए। अगरवती बाहरी छोर पर दबी थीं, इसलिए उन्हें लोगों ने खींच लिया लेकिन तब तक उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वह पशुओं को खोलने गई थीं। हादसे में तीन पशु मर गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
सूचना के बाद एसडीआरएफ (राज्य आपदा मोचन बल) की दो टीमें और नगर पालिका उझानी से जेसीबी बुला ली गई। एसडीआरएफ की टीम ने मलबा हटाया। इसके बाद ही मृत पशुओं को बाहर निकल गया। बताया गया कि इस मकान में कोई रहता नहीं था। अगला हिस्सा पहले दरका हुआ था, लेकिन बारिश में भीगने की वजह से और कमजोर हो गया। जिससे यह गिर गया।
प्रताप सिंह के अलावा उनके छोटे भाई नन्हे के मकान का अगला हिस्सा भी इस हादसे में क्षतिग्रस्त हुआ है। मृतका के बेटे विपिन ने बताया कि उनकी मां उस वक्त पशुओं को खोलने के लिए गई थी। इसी दौरान हादसा हो गया। प्रताप सिंह इस मकान के पास में बने दूसरे मकान में परिवार के साथ रहते हैं। महिला की मौत होने से परिवार में कोहराम मचा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *